इमरान अहमद
गोंडा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में तहसील विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन सदर तहसील की ग्राम पंचायत भदुआ तरह के प्राथमिक विद्यालय में किया गया।शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिला जज व विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने कहा कि समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को न्याय दिलाना विधिक सेवा प्राधिकरण का लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब और असहाय व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं किया जा सकता।उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको अपने विधिक अधिकार जानने चाहिए जिससे कोई भी आपका शोषण ना कर सके।

शिविर को संबोधित करते हुए तहसीलदार सदर देवेंद्र यादव ने कहा कि आम नागरिकों को किसी भी तरह की विधिक सहायता अथवा जानकारी के लिए प्रत्येक तहसील में विधिक सहायता केंद्र स्थापित हैं। उन्होंने गरीब कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। डिप्टी चीफ़ डिफेंस काउंसिल अनिमेष चतुर्वेदी ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र जरूरतमंद किसी भी प्रकार की विधिक सहायता अथवा विधिक सलाह के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में आनलाइन अथवा आफलाइन किसी भी माध्यम से संपर्क कर सकता है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी ने महिला सुरक्षा,लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम,नालसा हेल्पलाइन 15100,महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 व नि:शुल्क विधिक सहायता की पात्रता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम में कानूनगो सुशील शर्मा, उपनिरीक्षक राहुल मौर्या,लेखपाल दिलीप शुक्ला,विधिक सेवा प्राधिकरण के कन्हैया लाल तिवारी, जनार्दन सिंह,दीप नरायन,उज्वल सिंह व अवधेश पाण्डेय सहित सैकड़ों की संख्या ग्रामीण उपस्थित रहे।

