परसपुर,गोण्डा।स्थानीय थाना क्षेत्र के शाहपुर चौकी क्षेत्र की रेक्सड़िया डीहा गांव के बाहर नाले के पास लगी झाड़ियों में एक नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात शिशु को चौकी ले आई।उसके बाद पुलिस ने जिले के चाईल्ड हेल्प लाइन टीम से संपर्क कर शिशु को इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार की शाम करीब साढ़े छह बजे के आसपास की बताई जाती है।क्षेत्रीय राहगीर रेक्सड़िया गांव के नाले वाले रास्ते से जा रहे थे।उन्हें नाले के पास झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।थोड़ी देर बाद आसपास के एक किराना की दुकान पर इसकी चर्चा शुरू हुई।देखते ही देखते यह बात जंगल में आग की तरह चारों ओर फैली गई।नवजात शिशु को देखने के लिए ग्रामीणों का तांता लग गया।सूचना शाहपुर चौकी को दी गई।पुलिस ने झाड़ी से रोते हुए नवजात शिशु को बाहर निकाला तो वो अस्वस्थ दिखी।इसके बाद चौकी इंचार्ज प्रतीक पाण्डेय,हेड कांस्टेबल विनोद सिंह व महिला आरक्षी दीप्ति सिंह के देखरेख में शिशु को जिला अस्पताल ले जाया गया।

