देवरिया।डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने स्वर्गीय सुरेश यादव, स्वामी सर्वश्री यादव ऑटो सर्विस सेंटर, सोनबरसा मोड़, सलेमपुर की पत्नी वंदना देवी को दस लाख रुपये का चेक दिया है। यह सहायता राशि मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत दी है। राज्य कर विभाग में पंजीकृत प्रत्येक व्यापारी को प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना से निःशुल्क कवरेज प्रदान की जाती है। डीएम ने जिले के व्यापारियों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण राज्य कर विभाग में करा लें। इससे आकस्मिक स्थिति में उनके परिजनों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। इस सहायता राशि के लिए व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
बैठक में व्यापार मंडल द्वारा जिले के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में साप्ताहिक बंदी लागू करने की मांग की।व्यापारियों ने बताया कि श्रम कार्यालय ने जो रोस्टर लागू किया है। उसका अनुपालन जिले के किसी भी नगर या उपनगर में नहीं हो रहा है। डीएम ने उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। व्यापारियों ने बिजली के लटकते तारों का मुद्दा उठाया जिस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि इसके लिए मेसर्स लेजर पावर एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता द्वारा रिवेंप योजना के अंतर्गत शहर में बिजली के लटकते तार एवं जर्जर पोल को बदलने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। शीघ्र ही सभी तारों एवं जर्जर पोलों को सही कर लिया जाएगा। अभी तक 570 पोल का काम पूरा हो चुका है तथा रेलवे स्टेशन रोड पर कार्य हो रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई की गति तेज करने का निर्देश दिया है।
व्यापारियों ने खुले में बिक रही मीट-मांस-मछली की दुकानों का मुद्दा उठाया। जिस पर डीएम ने नगर पालिका को शहर के बाहर एकीकृत मीट मछली विक्रय केंद्र की स्थापना कराने का निर्देश दिया है। अध्यक्ष जिला उद्योग व्यापार मंडल ने कोऑपरेटिव चौराहे पर 18 दुकानों का विस्थापन और उससे प्रभावित व्यापारियों का मुद्दा उठाया। व्यापारी नेता एवं पूर्व विधायक रवींद्र प्रताप मल्ल, अध्यक्ष व्यापार मंडल शक्ति गुप्ता ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को उठाया। डीएम ने व्यापारी बंधुओ से आग्रह किया कि वह अपना जीएसटी रिटर्न समय से दाखिल करें। उन्होंने कहा कि जीएसटी रिटर्न करने के कई फायदे हैं,जिसमें रियायती लोन भी शामिल है।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ० भीम कुमार गौतम, उपायुक्त जीएसटी पंकज लाल, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी आर०के० सिंह सहित काफी तादाद में व्यापारी बंधु रहे।

