देवरिया।जिले के थाना मदनपुर बहशुआ गांव के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तेरह लोग घायल हो गए।घायलों का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।यह हादसा उस समय हुआ जब रुद्रपुर से सरकारी बस बराव होते हुए आजमगढ़ जा रही थी। बस जैसे ही बहशुआ गांव के पास पहुंची, कि सामने से आ रही एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। ट्रक में कोयला लदा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक व्यक्ति की मृत्यु इलाज के लिए लें जाते समय रास्ते मे हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक की तलाश कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही डीएम अखंड प्रताप सिंह,एसपी संकल्प शर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल-चाल लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और तेरह लोग घायल हैं। जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर संभव मदद प्रदान कर रहा है और घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का विषय बना हुआ है। प्रशासन की ओर से इस हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं।

