उमरी बेगमगंज,गोंडा।थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरेडाल मे गत माह हुई फायरिंग व हथगोले से हुए हमले के मामले मे बृहस्पतिवार को पुलिस ने घटना मे शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।इस प्रकरण मे पुलिस ने चार नामजद व 20-25 अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा किया था। पुलिस ने अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
ग्राम सभा पूरे डाल में मिहीलाल पासवान तथा बेलसर ब्लाक के पकड़ी मे सफाई कर्मी पद पर तैनात रहे संतोष पासवान के बीच आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। संतोष पासवान के घर के सामने आबादी का एक छोटा सा टुकड़ा था जिस पर मिहीलाल वर्षों से अपना खाद गड्ढा बनाकर उपयोग करते थे। गत वर्ष मिहीलाल के एक लड़के मिट्ठू ने खाद गड्ढा हटाकर उस पर अपना मकान बनाना शुरू कर दिया जिस पर संतोष ने एतराज जताया और बनाई गई नींव भी उजाड़ दी। गत माह 21 मई को दो दर्जन से अधिक लोगों ने इकट्ठा होकर मकान पर हथगोलों से बमबारी व हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी जिससे मकान की छत व दीवार भरभरा कर गिर गया। पुलिस ने चार नामजद व 20-25 अज्ञात के विरूद्ध ह्त्या का प्रयास,विस्फोटक अधिनियम, बलवा सहित विभिन्न धाराओं मे मुकदमा किया था।इस मामले मे पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने तत्कालीन थानाध्यक्ष संजीव कुमार वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया और इनके विरूद्ध जाँच बैठा कर नये प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप राय की तैनाती कर दी। प्रभारी निरीक्षक ने तेजी दिखाई और सोमवार को घटना मे शामिल जेठाँसी निवासी बोलेरो चालक विष्णु देव पासवान को गिरफ्तार किया। उसके बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने कटहा कड़हरण पुरवा थाना तरबगंज निवासी आकाश सिंह उर्फ़ बाबा, बगही पुरवा जमालखानी थाना तरबगंज निवासी सौरभ पांडेय व अरून कुमार कोरी को उनके घर से और गोरथानिया खानपुर थाना तरबगंज निवासी विकास मिश्रा को रानी पुरवा चौराहा से गिरफ्तार किया है। प्रभारी नरेन्द्र प्रताप राय ने बताया कि अब तक नौ लोगों की गिरफ्तारी की गई है । अभी जांच चल रही है, जिन व्यक्तियों के नाम प्रकाश मे आये है उनकी गिरफ़्तारी के लिए टीम लगाईं गई है ।

