पंश्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज,गोण्डा।शनिवार को थाना क्षेत्र के शिवदयालगंज स्थित कटरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित बाग में 03 वर्षीय मासूम बच्ची की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर जीआरपी और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय मौके पर पंहुच कर जांच-पड़ताल शुरू की थी साथ स्थानीय लोगों से बच्ची के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया।
जानकारी होने पर घटना स्थल पर डाग स्कावयड व फोरेंसिंक टीम ने पंहुच कर खून के नमूने और अन्य साक्ष्यों का संकलन किया था। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने की सख्त हिदायत दी थी। घटना के संबंध में थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी विष्णु गुप्ता ने थाने पर तहरीर दी थी। दिए गए तहरीर में लिखा था कि शुक्रवार की शाम 04 बजे संदिग्ध दिखने वाला एक साधुवेश धारी युवक उनकी दुकान से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के किनारे शराब पी रहा था उसके साथ एक बच्ची भी थी। बच्ची के बारे में पूछने पर युवक ने बताया कि वह उसकी बेटी है बच्ची ने भी उस साधुवेश धारी युवक को अपना पिता बताया था। शनिवार की सुबह करीब 09 बजे कटरा स्टेशन के पास स्थित बाग में उसी बच्ची का शव मिला था। बच्ची को बर्बरता पूर्वक बाग में लगे युकलिप्टस के पेड़ों की जड़ों पर पटक-पटक कर मारा गया था। वहीं मौके से बच्ची की हत्या कर कथित पिता फरार हो गया था। इस संबंध में पुलिस ने साधू वेश धारी उस अज्ञात युवक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज बच्ची की शिनाख्त और कातिल युवक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि उस साधू वेश धारी कातिल युवक जो कि उसका सौतेला पिता है को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव स्थित रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्यारे की पहचान विश्वनाथ वंशकार पुत्र रामदास वंशकार निवासी ग्राम जोरीताल थाना सेवढा जिला दतिया मध्य प्रदेश के रूप में की गई है।

