कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली के कर्नलगंज-बहराइच मार्ग पर बस स्टैंड के पास टैक्सी न रोकने पर दो युवकों ने दबंगई दिखाते हुए टैक्सी चालक की पिटाई करने लगे जिससे चालक की आंख में चोट आई है। घायल चालक का इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल टैक्सी चालक की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम जयराम जोत निवासी वसीम खान अपने पिता जान मोहम्मद को इलाज कराने के लिए कर्नलगंज छोड़ने गया था। उन्हें छोड़कर अपनी टैक्सी से घर वापस जा रहा था। तभी कर्नलगंज-बहराइच रोड पर बस स्टैंड के पास खड़े दो युवकों ने उसे टैक्सी रोकने के लिए हाथ दिया तो उसने नहीं रोका। दोनों युवकों ने बाइक से उसका पीछा करते हुए टिकौली गांव के पास उसे रोक लिया और मारने पीटने लगे। युवकों ने हाथ में अंगूठी पहन रखी थी। उसी अंगूठी से उसकी आंख पर प्रहार कर दिया जिससे उसकी आंख लहूलुहान हो गयी और वह वहीं गिर गया। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो वह कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने वसीम की तहरीर पर अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज भेजा। युवक की आंख में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया है। लखनऊ मेडिकल कालेज में उसका इलाज चल रहा है। युवक के परिजन शहबान ने बताया कि लखनऊ में डाक्टर ने उसके एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली जाने की बात कही है। युवक का इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी। युवकों के नाम का पता भी चल गया है।

