खरगूपुर,गोंडा।इटियाथोक थाना क्षेत्र में छात्र की गला काटकर हत्या कर दी गई।हत्या कर शव खेत की मेड़ पर फेंक दिया गया।हत्या के बाद गांव में मातम का माहौल है।वहीं किशोर की हत्या के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने घटना की जांच की शुरू की है।

थाना इटियाथोक के ग्राम खटिकनपुरवा दलपतपुर का छात्र मनीष यादव (15) पुत्र हनुमान प्रसाद यादव गांव के राम जियावन वर्मा के यहां तिलक कार्यक्रम में शामिल होने गया था।मनीष के चाचा सुरेंद्र यादव ने बताया कि देर रात वह वापस घर आया और शौच के लिए गांव से बाहर खेत की तरफ चला गया।तब तक परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। सुबह वह घर पर नहीं मिला तो खोजबीन शुरू हुई।घर से थोड़ी दूर लगे बांस व गेहूं के खेत की मेड़ पर मनीष का शव पड़ा हुआ मिला।मनीष के हाथ,पेट और चेहरे पर वार किया गया था वहीं गर्दन कटा हुआ था।मृतक मनीष छः भाईयों में सबसे छोटा था।वह गोपाल बाग के गुरुकुल विद्यापीठ में कक्षा 7 का छात्र था।मनीष के पिता हनुमान प्रसाद बड़े बेटे वीरेंद्र यादव के साथ लुधियाना में रहकर मजदूरी करते हैं।घटनास्थल का पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट,डाग स्क्वायड टीम ने छानबीन की है।एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि छात्र की हत्या के मामले में सुराग मिले हैं।शीघ्र घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

