वीरेंद्र सिंह सेंगर
पंचनद धाम,जालौन।संपूर्ण राष्ट्र में एकमात्र पवित्र पांच नदियों यमुना, चंबल,सिंध,पहूज और कुंवारी के पवित्र महासंगम तीर्थों का तीर्थराज पंचनद धाम तीर्थस्थल है।यहां हर साल कार्तिक पूर्णमासी पर अति प्राचीन,पौराणिक धार्मिक और ऐतिहासिक मेला प्रांगण में स्थानीय लोग अवैध निर्माण कर रहे हैं। परंपरागत रूप से लगने वाले विशाल मेले को ग्रहण लगाने का कार्य किया जा रहा है। और शासन व प्रशासन चुप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति ने आपात बैठक की और निर्णय लिया गया कि जिला अधिकारी व उप जिलाधिकारी से मिलकर निर्माण कार्य रुकवाया जाए।
गौरतलब हो कि विश्व में एकमात्र अति प्राचीन,धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक पांच नदियों का पवित्र महासंगम पंचनद धाम पर परंपरागत धार्मिक, ऐतिहासिक,पौराणिक और परंपरागत मेले का प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान पर्व और मेले का आयोजन होता आ रहा है। लेकिन मौजूदा समय में जैसे ही इस स्थान पर मूलभूत सुविधाओं का असर देखने को मिल रहा है वैसे ही यहां के स्थानीय गांव कंजौसा निवासी मेला प्रांगण में निर्माण कर मेले प्रांगण को समाप्त कर देना चाहते हैं । जिससे इस स्थान पर लगने वाले मेले को हमेशा-हमेशा के लिए बंद करना पड़ेगा। क्योंकि मंदिर के पास कोई भी अन्य जगह आयोजन के लिए नहीं है। जबकि इस जगह को यहां के तत्कालीन राजघराना जगम्मनपुर के राजा वीरेंद्र शाह द्वारा सन 1952 में कुछ जमीन उक्त गांव के लिए इस शर्त पर आवंटित की थी, कि कार्तिक पूर्णमासी पर लगने वाले मेले और स्नान पर्व की समयावधि में जगह को खाली रखा जाए।
लेकिन राजघराने के उक्त आदेश को दरकिनार कर स्थानीय लोगों ने आवंटित किए गए खसरा नंबरों पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। जिससे इस परंपरागत मेले और स्नान पर्व पर ग्रहण लग सकता है। जिससे शासन, प्रशासन को तत्काल प्रभाव से संज्ञान लेकर अवैध निर्माण को रुकवाना चाहिए। जिससे पवित्र महासंगम पर चल रही इस परंपरा को जीवित रखकर क्षेत्र का उत्तरोत्तर विकास करने में मदद मिल सके।
इस महासंगम का जो ब्रह्म पुराण के अलावा अन्य पुराणों में भी इसका तीर्थ स्थल का वर्णन मिलता है। कुछ राजनेताओं व क्षेत्रीय लोगों के अलावा पंचनद पर्यटन एवं प्रवास ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सेंगर ने भी केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट से मिलकर इसे अतिशीघ्र तीर्थ और पर्यटन स्थल घोषित करवाने के लिए कदम आगे बढ़ाया है।
बैठक में महंत सुमेर वन समिति के अध्यक्ष हरगोविंद सिंह सेंगर, महामंत्री अंजनी कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह सेंगर, कोषाध्यक्ष राम अवतार तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता राम लखन औदिच्य, कंजौसा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू सेंगर, ओंकार सिंह, अवधेश सिंह चौहान, पत्रकार विजय कुमार दुबे ,मंदिर प्रबंध समिति के मीडिया प्रभारी वीरेंद्र सिंह सेंगर के अलावा राजू दुबे, जगदीश सिंह सेंगर,चंद्र प्रकाश ” छैया”, भारत निषाद समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।

