परसपुर,गोण्डा।परसपुर थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा दुबाई गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर चाचा ने भतीजे पर भाले से हमला कर दिया। हमले में भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने आरोपी चाचा सहित तीन लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के मुताबिक परसपुर थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा दुबाई गांव के रहने वाले राम दयाल शुक्ला के मुताबिक जमीन बंटवारे को लेकर उसका अपने चाचा से विवाद चल रहा है। आरोप है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसके चाचा बंटवारे में सीनाजोरी कर रहे हैं और उसके परिवार को परेशान कर रहे हैं। इसी विवाद को लेकर रविवार की सुबह उसके चाचा ने उस पर भाले से हमला कर दिया। भाला उसकी पीठ में घुस गया और वह घायल हो गया। भाई शिवदयाल बचाने दौड़ा तो उसे भी लाठी डंडे से जमकर पीटा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। घायल राम दयाल को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित रामदयाल ने विपक्षी गण संतोष शुक्ला,विशंभर व नानमून के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी शेष मणि पाण्डेय ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

