गोण्डा।बाल संरक्षण गृह में रह रहा एक 12 वर्षीय किशोर छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। लापता किशोर छात्र पंतनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में पांचवी की छात्र रहा है। वह शुक्रवार को विद्यालय गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। छुट्टी के बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो कर्मियों ने रात भर उसकी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। शनिवार की सुबह जिला प्रोबोशन अधिकारी ने नगर कोतवाली में छात्र के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस लापता छात्र की तलाश में जुटी है।
नगर कोतवाली के परेड सरकार स्थित बाल संरक्षण गृह में रहने वाला उत्तम कुमार उम्र 12 वर्ष पंतनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में पांचवी कक्षा में पढ़ता था। बाल संरक्षण गृह के कर्मचारियों के मुताबिक वह शुक्रवार की सुबह स्कूल गया था लेकिन दिन भर वापस नहीं लौटा। छुट्टी के बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो कर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। तब इसकी सूचना जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी व चाइल्ड हेल्प लाइन को दी गई। अधिकारी व कर्मचारी रात भर उत्तम को तलाश करते रहे लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने नगर कोतवाली में उत्तम के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बाल संरक्षण गृह के चीफ कोऑर्डिनेटर उपेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक बाल गृह के चार बच्चे कंपोजिट स्कूल में पढ़ने जाते हैं। इसी में उत्तम कुमार भी था। बच्चों को ले जाने के लिए संस्था की तरफ से वाहन की व्यवस्था है। बच्चों को लाने ले जाने की जिम्मेदारी दिनेश कुमार व प्रसून सिंह की थी। यही दोनों कर्मी शनिवार को बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। छुट्टी के बाद कर्मचारी जब बच्चों को लाने गए तो उत्तम गायब मिला। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर किशोर छात्र की तलाश सरगर्मी की जा रही है।

