जिला संवाददाता शरीफ अंसारी
लखीमपुर खीरी।जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरजनपदीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में साइबर अपराध में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। आरोपियों के कब्जे से 1494 सिम कार्ड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक, फिंगर प्रिंट रीडर डिवाइस सहित 61 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गुरुवार को थाना साइबर क्राइम टीम ने कस्बा खमरिया क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर गिरोह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
ऐसे करते थे साइबर ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह गांवों के गरीब और भोले-भाले लोगों को आयुष्मान कार्ड, सरकारी योजनाओं और अन्य लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड, दस्तावेज और मोबाइल नंबर हासिल करता था। इसके बाद विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनसे जुड़े दस्तावेज अपने पास रख लेते थे।
गिरोह ऑनलाइन वॉलेट और बैंक खातों को बिग विनर समेत अन्य बैटिंग एप्स पर अपलोड कर देता था,जिनमें देशभर की साइबर ठगी का पैसा ट्रांसफर होता था। बदले में आरोपी मोटा कमीशन लेते थे। जांच एजेंसियों के सामने खाताधारक गरीब लोग फंस जाते थे जबकि असली मास्टरमाइंड बच निकलते थे।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1494 सिम कार्ड, 27 एंड्रायड मोबाइल, 5 कीपैड मोबाइल, 26 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 112 आयुष्मान कार्ड, 5 पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, फिंगर प्रिंट रीडर डिवाइस, दस्तावेज और 61 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त एक होंडा अमेज कार भी सीज की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने सीतापुर और लखीमपुर खीरी जनपद के कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अनिल वर्मा, सर्वेश कुमार, राहुल राज, दीपक कुमार, अमित रंजन, संजय कुमार, हरीश कुमार, अमर सिंह, शिवम पाण्डेय, कपिल तथा अन्य शामिल हैं।
पुलिस टीम को मिली सराहना
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार राय, निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक आशीष सहरावत, उपनिरीक्षक सुनील पवार, आरक्षी राहुल चौधरी और आरक्षी मयंक वर्मा शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई की लोगों ने सराहना की है।

