जिला संवाददाता : शरीफ अंसारी
निघासन खीरी।विधानसभा क्षेत्र 140 श्रीनगर के ग्राम सभा बड़ागांव में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन भारतीय समाज सेवा संगठन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार दुबे द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, ग्रामीण व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर यादव ने कहा कि खेल-कूद मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और शरीर व मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और अवसरों के अभाव में कई प्रतिभाएं सामने नहीं आ पातीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन के माध्यम से गांव में खिलाड़ियों के लिए मिनी स्टेडियम बनवाने हेतु मुख्यमंत्री से मिलकर प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और गांव के खिलाड़ी जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन टूर्नामेंट अध्यक्ष अनीश मंसूरी एवं कोषाध्यक्ष अरशद शेख ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सलमान खान, कलीम अहमद, कुलदीप सिंह, जावेद खान सहित गांव के तमाम सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

