संवाददाता : शरीफ अंसारी
लखीमपुर खीरी।थाना खमरिया क्षेत्र के ग्राम रैनी में खेत की मेड़ के विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी विजय कुमार पुत्र प्रमोद कुमार पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

परिजनों के अनुसार खेत की मेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते गांव के कुछ दबंगों ने विजय कुमार को घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में विजय के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल को बचाया। घटना के बाद परिजन घायल युवक को लेकर थाना खमरिया पहुंचे, जहां आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन गश्त बढ़ा दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर क्षेत्रीय लोगों की नजर बनी हुई है। पुलिस कार्रवाई और मुकदमा दर्ज होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

