बेलवा,नकहा। सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना ग्राम पंचायत बेलवा विकासखंड नकहा में ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव में लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी में बड़े लीकेज के कारण मेन रास्ते पर रोजाना तालाब बन रहा है। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

कीचड़ से गुजरने को मजबूर स्कूली बच्चे: गांव के मेन रास्ते पर मनोज चक्रवर्ती के घर के सामने टंकी का लीकेज है। जब भी पानी की सप्लाई चलती है, सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को इसी गंदे कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार:ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार मौखिक रूप से विभागीय कर्मचारियों से कहा गया, लेकिन आज तक कोई सुधार नहीं हुआ। जिम्मेदार कर्मचारी एक-दूसरे पर टालमटोल कर रहे हैं।
कर्मचारी का गैर-जिम्मेदाराना जवाब: जब इस संबंध में मीडिया द्वारा पानी सप्लाई देने वाले कर्मचारी रामकिशोर से बात की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि “मैं कुछ नहीं जानता, उच्च अधिकारी जानें”।
ठेकेदार ने मांगा 2 दिन का समय: वहीं उच्च ठेका कर्मचारी जयप्रकाश से बात करने पर उन्होंने बताया कि “लेबर नहीं मिल रहे हैं, लेकिन मुझे दो दिन का समय दीजिए, मैं सही करा दूंगा”।
ग्रामीणों में आक्रोश: ग्रामीणों का कहना है कि “जल जीवन मिशन के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई है। पानी देने के बजाय रास्ता बंद कर दिया गया। बरसात में तो हालात और बदतर हो जाएंगे। बीमारी फैलने का भी खतरा है।”
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि लीकेज को तत्काल ठीक कराया जाए और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई हो, ताकि हर घर जल योजना का सही लाभ मिल सके।

