इमरान अहमद
मनकापुर।ब्लॉक संसाधन केंद्र मनकापुर में को-लोकेटेड आंगनबाड़ी कार्यशाला के अंतर्गत “वंडर बॉक्स” आधारित प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।जिसका मुख्य उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए गतिविधि-आधारित एवं रोचक शिक्षण पद्धति को प्रभावी बनाना था।कार्यक्रम का शुभारंभ एआरपी मयंक मिश्रा,फिरोज अहमद खान व दीपक कुमार पाठक ने मां सरस्वती पर दीप प्रज्वलन कर किया।

प्रशिक्षण सत्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं शिक्षकों को वंडर बॉक्स के विभिन्न शैक्षणिक सामग्रियों का प्रयोग कर बच्चों को सरल,आनंददायक एवं अनुभवात्मक तरीके से पढ़ाने की विधियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने बताया कि वंडर बॉक्स के माध्यम से बच्चों में भाषा,गणित एवं संज्ञानात्मक कौशल का विकास सहज रूप से किया जा सकता है।प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में रुचि लेते हुए गतिविधियों में सहभागिता की तथा इसे अपने-अपने केंद्रों पर लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण का समापन किया गया।

