गोण्डा।कोतवाली देहात क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में महिला का फांसी पर झूलता शव देख परिवार में कोहराम मच गया।मौके पर पहुंची पुलिस व फारेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बुधवार की सुबह कोतवाली देहात के धनोहरी गांव में साबिर अली की पत्नी नूरजहां का शव गन्ने के खेत में एक झाड़ से फांसी के फंदे पर झूलता मिला। तभी उधर से गुजरे किसी ग्रामीण ने शव को देख गांव में सूचना दी। खबर सुन आननफानन में गांव व उसके घर के परिजन मौके पर पहुंचे जहां परिजनों ने उसकी पहचान नूरजहां के रूप में की। घटना की खबर क्षेत्र में फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं मौत की सूचना पर पहुंचे लड़की के मायके वालों ने शव को देख हत्या किए जाने की बात कही। मृतक महिला के भाई राजू का आरोप है कि उसकी बहन को मार कर फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। उसका कहना है कि उसकी बहन के साथ ससुरालजन व पड़ोसी आए दिन झगड़ा किया करते थे।
आरोप है कि हत्या से कुछ दिन पहले भी उसकी बहन को मारापीटा गया था। उसका कहना है कि मंगलवार की रात में बहन के ससुराल से फोन आया कि उसकी बहन कही गुम हो गई है। उसके बाद बुधवार की तड़के सुबह फोन आया कि बहन का शव गन्ने के खेत में पेड़ से फांसी पर झूल रहा है। जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो युवती का शव देख ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाया। फिलहाल मौके पर पहुंचे सीओ सदर व फारेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं दूसरी तरफ पूरे क्षेत्र में महिला की हत्या किए जाने की आशंका की चर्चा होती रही।

