15 दिनों के अंदर सभी ओपीडी नई बिल्डिंग में हो संचालित
डीएम ने बिल्डिंग के पांचों फ्लोर का किया अवलोकन
इक़बाल शाह
गोण्डा।मेडिकल कालेज में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को देखते हुए शुक्रवार को डीएम ने औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जिम्मेदारों को अस्पताल की बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर देने को कहा। बिल्डिंग के पांचों फ्लोर का अवलोकन करने के बाद उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ साथ जिला अस्पताल की समस्त ओपीडी 15 दिनों के अंदर मेडिकल कालेज की नई बिल्डिंग में संचालित करने का निर्देश दिया।

शुक्रवार को गोण्डा मेडिकल कालेज में औचक निरीक्षण करने पहुंची डीएम प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कालेज की बिल्डिंग के पांचों फ्लोर पर पहुंच अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं की गहनता से निरीक्षण किया। बिल्डिंग में साफ सफाई को लेकर उन्होंने जिम्मेदारों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल सीएमओ, सीएमएस को निर्देश देते हुए कहा कि जिला अस्पताल की समस्त ओपीडी 15 दिनों के भीतर नई बिल्डिंग में संचालित हो। उन्होंने कहा कि ओपीडी के स्थानांतरण से मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर व आधुनिक सुव्यवस्थित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने ओपीडी संचालन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्था जैसे साफ सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पर्चा काउंटर, दवा वितरण कक्ष, मरीजों व तीमारदारों को बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी चीजों को पूरा करने की बात संबंधित अधिकारियों से कहा। उन्होंने साफ लहजों में निर्देश दिया कि मेडिकल कालेज आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर प्रिंसिपल मेडिकल कालेज डा. श्रीकांत धनंजय कोरस्थानी, सीएमओ, डा. संत लाल पटेल, सीएमएस, आनिल तिवारी, डा. कुलदीप पाण्डेय, डख. डीएन सिंह, समेत समस्त अधिकारी मौजूद रहे।

