हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने शनिवार को विकास खंड पचपेड़वा का औचक निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास कार्यालय पचपेड़वा पहुंचकर उन्होंने विभिन्न पटलों के अभिलेखों का अवलोकन किया और उनके बेहतर संधारण व पारदर्शिता पर बल दिया। साथ ही कार्यालय की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने ग्राम पंचायत अमरहवा एवं गनवरिया बगुलाहा का भ्रमण किया। यहां उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से संतृप्तिकरण की वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन किया।
ग्राम पंचायत अमरहवा में विभागीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही एडीओ पंचायत के विरुद्ध भी कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे, सभी को समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से लाभ पहुंचाया जाए।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी पचपेड़वा समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

