बलरामपुर।जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम ढोढरी से लापता हुईं दो बच्चियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सकुशल बरामद कर लिया है। परिजनों ने बच्चियों की सुरक्षित वापसी पर बलरामपुर पुलिस का आभार जताया।
रविवार देर शाम करीब चार बजे दोनों बच्चियां खेलते-खेलते अचानक गायब हो गईं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चियों का कुछ पता नहीं चला। रात नौ बजे यूपी-112 पर सूचना दी गई।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत टीम ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश और ग्रामीणों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद दोनों बच्चियां सुरक्षित मिल गईं।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चियों को परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चियों की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

