हरीश कुमारगुप्ता
बलरामपुर।जनपद के गन्ना किसानों की बढ़ती परेशानियों को लेकर मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड उत्तर प्रदेश के निर्वतमान प्रदेश सचिव आदिल हुसैन ने जिला गन्ना अधिकारी को एक पत्र सौंपा है।पत्र में उन्होंने कहा कि जिले के अन्नदाता समय पर खाद, डीएपी,कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता न होने से संकट में हैं। समितियों पर अक्सर ताला लगा रहता है, जिससे किसान यूरिया और अन्य जरूरी सामग्री समय पर नहीं ले पाते।
पत्र में उल्लेख किया गया कि बजाज चीनी मिल,इटई मैदा, किसानों का पिछला बकाया मूल्य लंबे समय से नहीं चुका रही है। गन्ना किसानों को समय से भुगतान न मिलने से वे भुखमरी की कगार पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा गन्ने का मौजूदा रेट भी बहुत कम है, जिससे खेती का खर्च तक नहीं निकल पा रहा। आदिल हुसैन ने मांग की है कि गन्ने का मूल्य बढ़ाकर ₹500 प्रति क्विंटल किया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके।
उन्होंने यह भी कहा कि लगातार बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से अन्य फसलों को नुकसान हुआ है, ऐसे में गन्ना ही किसानों के लिए एकमात्र सहारा है। प्रशासन से आग्रह किया गया है कि समितियों पर समय से खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराई जाए और चीनी मिल से किसानों का बकाया तुरंत दिलवाया जाए।

