हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर। कोतवाली नगर पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार 21 अगस्त को भगवतीगंज निवासी ज्ञान प्रकाश गुप्ता के घर से नकदी 25 हजार रुपये और चांदी का सिक्का चोरी हुआ था। इसी तरह 31 अगस्त को तुलसीपार्क निवासी आकाश श्रीवास्तव के घर से चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नगद समेत मकान मालकिन के घर से चांदी के बर्तन व नकदी चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय व क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह की टीम ने छापेमारी कर अभियुक्त मो. अनीस उर्फ गोलू पुत्र मो. मुख्तार निवासी सराय फाटक घसियारा को नहर बालागंज रोड, गेल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन सफेद धातु के सिक्के और एक जोड़ी पायल बरामद हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 शिवलखन सिंह, हे0का0 अरविन्द जायसवाल और का0 रवि कुमार दुबे शामिल रहे।

