बगहा।बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला के बगहा नगर परिषद क्षेत्र में जल जमाव की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। वार्ड संख्या 24, मवेशी अस्पताल एवं 27 बीआरसी भवन के समीप समेत कई इलाकों में बारिश के बाद जल निकासी की व्यवस्था ठप हो गई है। सड़कों और गलियों में भरे गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध और गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है। इस जल जमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। और लोगों नाराजगी जाहिर करते हुए नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

नगरवासियों का कहना है कि कई इन स्थानों पर कई वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर रही। जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे सिर्फ कागजों पर ही सीमित रह गए हैं। हालात यह हैं कि बच्चे और बुजुर्ग तक बीमार पड़ने लगे हैं। लोगों को घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। इधर सफाई व्यवस्था को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। डंपिंग स्थल होने के बावजूद सफाई कर्मियों द्वारा कचरा इधर-उधर फेंका जा रहा है। कुछ दिन पहले ही एसएसबी 65 बटालियन कैंप के पीछे रेलवे की जमीन पर कचरा फेंकने का मामला सामने आया था, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। इस पूरे मामले में बगहा नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी अब्दुल बाकी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में नगर परिषद का पक्ष नहीं मिल सका है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि जल निकासी और सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए। इसको लेकर प्रशासन की चुप्पी और नगर परिषद की निष्क्रियता से क्षेत्र में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।

