गोंडा।अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने सोमवार को जिला अस्पताल स्थित वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन स्टाप सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बच्चियों की समस्याओं के निवारण के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा की।
वन स्टाप सेंटर पर सचिव ने प्रबंधक चेतना सिंह को प्रपत्रों को व्यवस्थित रूप से रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्देशित करते हुए कहा कि जिन महिलाओं एवं बच्चियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उनके मामलों को चिन्हित कर अविलंब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय को भेजा जाय। इस दौरान प्रबंधक चेतना सिंह व विधिक सेवा प्राधिकरण के डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी उपस्थित रहे।

