उमरी बेगमगंज,गोंडा। मां बाराही धाम के सुंदरीकरण को लेकर जिलाअधिकारी नेहा शर्मा पूरी तरह गंभीर है। प्रशासनिक सख्ती के चलते मंदिर परिसर के सामने व आसपास की दुकानें व अतिक्रमण हटने लगा है और दुकानदार अपनी दुकानें व्यवस्थित करने में जुट गए हैं।शनिवार सुबह तरबगंज उपजिला अधिकारी (एसडीएम) राजीवमोहन सक्सेना ने मां बाराही धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और अतिक्रमण न करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है,इसलिए सभी दुकानदार सहयोग करें।

मां बाराही धाम के सुंदरीकरण को लेकर प्रशासन लगातार प्रयासरत है। मंदिर परिसर में सुविधाओं को बढ़ाने, मार्ग को चौड़ा करने और पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजीवमोहन सक्सेना ने दुकानदारों से अपील की कि वे निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाएं और अनावश्यक अतिक्रमण न करें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।मां बाराही धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में प्रशासन मंदिर क्षेत्र को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।इस मौके पर मंदिर संरक्षक शारदेन मोहन सिंह के यहां से संजय सिंह,मंदिर केयरटेकर रामपाल सिंह,प्रधान अशोक सिंह, राजस्व निरीक्षक अवधेश द्विवेदी,आचार्य वेद प्रकाश शास्री,सहित तमाम दुकानदार व स्थानीय लोग मौजूद रहे

