गोंड़ा।माघी पूर्णिमा के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अस्मिता भंडारी ने नेपाल के काठमांडू से प्रयागराज के महाकुंभ में पहुंचकर संगम में डुबकी लगाई। इसके बाद उन्होंने श्री अयोध्या धाम में विराजमान रामलला का दर्शन किया। अयोध्या पहुंचने पर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिससे वह भाव विभोर हो गई।
बता दें कि माघी पूर्णमासी के शुभ अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अस्मिता भंडारी स्नान दान करने के लिए प्रयागराज महाकुंभ पहुंची थी, वहां से लौटने के बाद उन्होंने अयोध्या में प्रभु श्री राम का दर्शन करके पूजन अर्चन किया।
अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की जानकारी मिलते ही दूर दराज जनपद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अयोध्या पहुंच गए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष को फूल माला देकर स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं के मनोभाव को देखते हुए श्री भंडारी ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन ही हमारा परिवार है, संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा के लिए समर्पित है, अयोध्या के मिल्कीपुर और दिल्ली में हुए चुनाव में कार्यकर्ताओं के मेहनत और समर्पण से बेहतर नतीजे आए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया है, उन्हें भारतीय जनता पार्टी की नीतियां बताई हैं, उनके मेहनत का परिणाम दिखाई पड़ा है। ऐसे ही हमें हमेशा एकजुट रहकर काम करना होगा। हमारा एकजुट रहना ही हमें सबसे बड़ी मजबूती प्रदान करता है। इस दौरान स्वागत से भाव विभोर हुई अध्यक्ष श्री भंडारी ने देवीपाटन मंडल प्रभारी कृष्ण मोहन को फूल माला से सम्मानित कर दिया।
इस मौके पर विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण दुबे, अयोध्या मंडल प्रभारी रीना सिंह, जिला अध्यक्ष गोंडा नितीश मिश्रा, जिला अध्यक्ष बस्ती विजय शंकर शुक्ला, विश्व हिंदू महासंघ अयोध्या जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ,प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

