गोंडा।जिले के कर्नलगंज तहसील रोड पर हुए अतिक्रमण पर नगर पालिका का बुल्डोजर गरजा। बीते कई वर्षों से तहसील मार्ग स्थित रामलीला मैदान के सामने आशिक अली उर्फ घोड़ा वाले बाबा कई कमरों का पक्का घर बनाकर रह रहे थे। यहां पहले भी प्रशासन का बुल्डोजर अतिक्रमण हटाने जाता, लेकिन बिना अतिक्रमण हटाए बैरंग वापस आना पड़ता था।

शनिवार को लगभग एक बजे नगर पालिका पूर्व से ही पूरी तैयारी कर दो जेसीबी मशीन व दो ट्रक के साथ नायब तहसीलदार अलपिका वर्मा, अधिशासी अधिकारी सुरभि पाण्डेय, राजस्व निरीक्षक राम बहादुर पाण्डेय व लेखपाल सुजीत भारती के साथ नगर पालिका के पचास कर्मियों के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे। और देखते ही देखते सैंकड़ों की संख्या में काफी भीड़ लग गई। घोषणा के बाद भी तीन – चार महिलाएं बच्चों को लेकर अंदर से निकलने में आनाकानी कर रहीं थी। काफी देर तक घर नही खाली करने पर जेसीबी से बगल की दीवार ढहा दी गई। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई के बल पर महिलाओं व बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला। दोबारा जेसीबी से दीवारों को गिराना शुरू किया गया तभी आकर लोग ईओ से सामान निकालने की गुजारिश करने लगे। इस दौरान नोकझोंक भी हुआ। रफीउल्ला ने लोगों को समझाते हुए जिम्मेदारी पर फिर 20 मिनट का समय लेकर घर के अंदर से सामान बाहर निकलवाया। इस मौके पर कोतवाल श्रीधर पाठक, नगर चौकी प्रभारी सोम प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मानिक चंद्र पटेल, लिपिक आशीष सिंह, छोटकऊ सिंह, एसपी तिवारी, मोनू मोदनवाल, कृष्ण मुरारी, ऋषम जायसवाल, अश्वनी मौर्य, अनुज जायसवाल, अतुल पटवा सहित तमाम लोग मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी सुरभि पांडेय ने बताया कि अतिक्रमण का अभियान उप जिला अधिकारी के निर्देश पर किया गया है।

