करनैलगंज,गोंडा।बच्चों के मामूली विवाद में एक 37 वर्षीय व्यक्ति की बांस के डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक करनैलगंज में पल्लेदारी का कार्य करता था।
शनिवार को करीब साढ़े दस बजे दिलीप (37) वर्ष पुत्र छविलाल निवासी ग्राम हीरापुर कमियार अपने दरवाजे पर था। उसी बीच गांव के अंकित, प्रदीप व राकेश कुमार उसके दरवाजे पर पहुंचे और बच्चों से मजाक करने लगे जो दिलीप की बुरा लगा। उसके मना करने पर दोनों पक्षों में गाली गलौज शुरू हो गया। उसी बीच तीनों लोगों ने अपने अन्य तीन साथियों को बुला लिया। और मौके पर छप्पर में लगा बांस का टुकड़ा लेकर दिलीप को मारने लगे। जान बचाकर वो भागा तो उसे दौड़ा- दौड़ा कर बेरहमी से पीटने लगे। जब वह मरणासन्न हो गया तो मारने वाले लोग मौके से फरार हो गए। हाथ से दिव्यांग पत्नी और अंधी मां ने किसी तरह लोगों की मदद से करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉक्टर मुदस्सिर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। मृतक की पत्नी बच्चीदेवी व मां मुन्नीदेवी ने बताया कि गांव के अंकित ने दिलीप के बेटे से पापा कहने को कहा, जब बच्चे ने पापा नहीं कहा तो उसे डांटने लगे। जिसपर दिलीप ने मना किया तो मारने लगे। घटना स्थल पर सीओ, कोतवाल थाने के पुलिस बल के साथ पहुंचे। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि मजाक-मजाक में मारपीट हुई जिसमें दिलीप की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धड़पकड़ के के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

