मनकापुर।शुक्रवार दोपहर को मनकापुर के आरपी स्कूल-पीलखाना मार्ग पर यात्रियों से भरी एक सवारी बस अनियंत्रित होकर पलट गयी।बस पलटते ही अंदर बैठे सवारियों में अफरा तफरी मच गई,हालकीं इस हादसे में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।कुछ सवारियों को मामूली चोटें आई,जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुँचाया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस गोंडा से मनकापुर होते हुए गौराचौकी जा रही थी,तभी पीलखाना मार्ग पर पुलिया से टकराते हुए अनियंत्रित होकर पलट गई।बस पलटते ही यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।हालांकि इस दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई।बताया जाता है कि बस की रफ्तार तेज़ होने से वह पुलिया से टकरा गई थी,जिससे बस चालक ने नियंत्रण खो दिया।और वह बाएं तरफ पलट गई।पलटने के कारण बस का दरवाजा बंद हो गया,जिससे बस में सवार सभी यात्री बस के अंदर रह गए।काफ़ी कोशिशों के बाद बस के खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर से यात्रियों को निकाला गया।घटना की सूचना पुलिस को दी गई,आनन-फानन में मनकापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दलबल के साथ मौके पर पहुंचें और घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुँचाया। जिनको प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर के चिकित्सक डॉ आलोक कुमार चौधरी ने बताया कि मामूली रूप से चोटिल मनकापुर निवासी 60 वर्षीय जैदल व वज़ीरगंज के 70 वर्षीय फूलचंद को लाया गया था,जिनका प्राथमिक उपचार कर भेज दिया गया।वहीं मामले में वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रबोध कुमार ने बताया कि बस पलटने की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे थे,हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

