मनकापुर।राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विकास खंड मनकापुर के 100 छात्र-छात्राओं ने अयोध्या स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,कुमारगंज का शैक्षिक भ्रमण किया।इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना और कृषि के क्षेत्र में हो रहे शोध एवं तकनीकी विकास से अवगत कराना था।शैक्षिक दल को खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक संसाधन केंद्र, मनकापुर से रवाना किया गया।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बब्लू सोनी,सभासद वैभव सिंह,खंड शिक्षा अधिकारी और प्राथमिक शिक्षक संघ के तहसील अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

विश्वविद्यालय में छात्रों ने देखी आधुनिक तकनीकें
कुमारगंज पहुंचकर छात्रों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में चल रहे शोध कार्यों का अवलोकन किया।उन्होंने कृषि प्रौद्योगिकी,जैविक खेती,उन्नत बीज उत्पादन,फसलों की विविधता और पशुपालन की आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने बच्चों को कृषि में नवाचारों और स्थायी खेती के महत्व पर जानकारी दी।इस शैक्षिक भ्रमण में कंपोजिट विद्यालय दलीपपुरवा,सोनबरसा,जैदवा,उपाध्यायपुर, मनकापुर,उच्च प्राथमिक विद्यालय गुनौरा,दतौली,मछलीगांव,करसिंहवा,कंपोजिट विद्यालय लमती, सुमेरपुर,जोगापुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर,धुसवा,दिनकरपुर आदि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव का अनोखा अवसर
खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को पुस्तक ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन की तकनीकों और प्रक्रियाओं का अनुभव कराना है।जब बच्चे किताबों में पढ़ी चीजों को सामने देखते हैं,तो उनका ज्ञान और गहरा होता है।इस कार्यक्रम से न केवल बच्चों की सोच विकसित हुई,बल्कि उन्हें भविष्य के लिए नई दिशा भी मिली।
भ्रमण में शिक्षकों की अहम भूमिका
भ्रमण में छात्रों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों में जय प्रकाश शुक्ला,जितेंद्र कुमार वर्मा,सूर्यभान राम,अरुण प्रकाश,ओम प्रकाश,मनीष वर्मा,बलजीत कनौजिया,राकेश यादव,रूपेश पांडेय,रविंद्र सिंह,विजय प्रताप वर्मा,प्रभु नारायण शुक्ल,प्रवीण कुमार,अनामिका शर्मा,पूजा मिश्रा और अरशद कासिम आलम शामिल थे।शिक्षकों ने बच्चों को हर गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह
भ्रमण से लौटे छात्रों ने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने न केवल उनके ज्ञान में वृद्धि की,बल्कि कृषि के क्षेत्र में उनकी रुचि भी बढ़ाई।खंड शिक्षा अधिकारी ने इस सफल आयोजन में सभी सहयोगी शिक्षकों और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षिक कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे,ताकि छात्रों को व्यापक और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की जा सके।

