करनैलगंज,गोंडा।श्री श्याम रामलीला परिषद ग्राम पिपरी के तत्वाधान में बुधवार की रात्रि नारद मोह लीला का मंचन किया गया। रामलीला के मंचन को देखने के लिए दर्शक मंचन स्थल पर जमे रहे। रामलीला का मंचन देखने के लिए आसपास के कई गांवों के लोग पहुंच रहे हैं। लीला में दिखाया गया कि हिमालय पर्वत पर तपस्या कर रहे ब्रह्मऋषि नारद की तपस्या भंग करने के लिए इंद्रदेव कामदेव को भेजते हैं। लेकिन वह उनकी तपस्या भंग नहीं कर पाते। बाद में नर्तकी उर्वशी भी इस कार्य में विफल रहती है, नारद मुनि में अभिमान आ जाता है कि उन्होंने कामदेव को जीत लिया है।
इसी अभिमान में भरे नारद मुनि अपने पिता ब्रह्मा और शंकर जी व बाद में विष्णु भगवान के पास जाकर अपने अभिमान का प्रदर्शन करते हैं। इस पर भगवान विष्णु उनका अभिमान तोड़ने के लिए उन्हें मृत्युलोक की खबर लेने भेजते हैं। वहां भगवान विष्णु ऐसी मोह माया रचते हैं कि अभिमान से भरे नारद मुनि राजा शीलनिधि की राजकुमारी लक्ष्मी के साथ विवाह करने को आतुर हो जाते हैं, भगवान विष्णु अपनी माया से नारद मुनि को वानर जैसा मुख प्रदान कर देते हैं। जिससे राजकुमारी लक्ष्मी नारद मुनि को ठुकरा देती हैं और भरी सभा में नारद मुनि उपहास का पात्र बन जाते हैं। इससे आक्रोशित नारद मुनि भगवान विष्णु को श्राप देते हैं कि मृत्युलोक में लीला के दौरान इसी वानर मुख से आप को सहायता मांगनी पड़ेगी। इस मौके पर बृजेश अवस्थी, अंजनी कुमार दुबे, सतीश पांडेय, कृपाराम शुक्ला, शिवशंकर गुप्ता, रामकुमार शाह, संजय पाण्डेय, लव कुश पांडेय, सोनू शुक्ला, सत्यम दीक्षित, सरोज अवस्थी आदि सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

