गोंडा।आमजन तक कानून की जानकारी और जरूरतमंदों तक न्याय को पहुंचाना ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का लक्ष्य है। ये भी उल्लेखनीय है कि विधिक सेवा के लिए सक्रिय सभी संगठनों द्वारा अपने दायित्वों का बहुत कुशलतापूर्वक निर्वाहन किया जा रहा है। वर्तमान समय की आवश्यकता है कि लोग अपने विधिक अधिकारों को जानें और समाज के बाकी वर्ग तक भी कानूनी जागरुकता पहुंचायें। ये बातें राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर केआरएस इंस्टीट्यूट ऑफ ला में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने कही।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधिक सेवा का बहुत महत्वपूर्ण स्थान होता है। कार्यक्रम को नायब तहसीदार सदर अंकित पाल, वन स्टाप सेंटर की प्रभारी चेतना सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी चंद्रमोहन वर्मा, असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी, चाइल्ड लाइन प्रभारी आशीष मिश्रा व कालेज के प्राचार्य राम चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सराहनीय कार्य के लिए परा विधिक स्वयंसेवकों व न्याय रक्षकों को सचिव के द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर कालेज के छात्रों द्वारा विधिक जागरुकता रैली भी निकाली गई जिसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर चीफ डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार सिंह, डिप्टी डिफेंस काउंसिल अनिमेष चतुर्वेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मुकेश कुमार व सभी परा विधिक स्वयंसेवक एवं सैकड़ों की संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पैनल अधिवक्ता अविनाश चंद्र श्रीवास्तव ने किया।

