नवाबगंज,गोंडा।अनियंत्रित बस ने बाइक को मारी ठोकर बाइक चालक व पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से ज़ख्मी, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दोनों ने तोड़ दिया दम। सूचना पर परिवार में मचा कोहराम।
हरिहरपुर गांव के चाईं पुरवा निवासी शुभम् कुमार निषाद (17) वर्ष पुत्र विजय कुमार व गांव का ही साहिल कुमार (18) वर्ष पुत्र शिव कुमार के साथ सोमवार की सुबह 07 बजे घर से सब्जी बेचने के लिए नवाबगंज मंडी जा रहा था। रास्ते में गोंडा-अयोध्या हाईवे पर कोल्ड स्टोरेज तिराहे से पहले मजहनपुरवा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। बस चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय सीएचसी पर भर्ती कराया जहां पर दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुभम् तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था, अभी किसी भी भाई की शादी नहीं हुई है। शुभम का पिता मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। शुभम् हाई स्कूल का छात्र था। साहिल दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। साहिल के पिता एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। जिन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई है। साहिल सब्जी की खेती कर परिजन का खर्चा चलाता था। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दोनों बाइक सवारों के मौत की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दिल दहला देने वाली घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक प्रेम नरायन पांडेय अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मृतक युवकों के परिजनों को ढांढस बंधाया। और हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।

