गोण्डा।जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बीते 06 अक्टूबर 2024 को एक गांव के पास सड़क किनारे 20 वर्षीय अज्ञात बालिका का शव मिला था। प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार घटना का अनावरण करने में नाकाम रहे। घटना का अनावरण अबतक न हो पाने से खिन्न पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने तत्काल प्रभाव से प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता,कटरा बाजार को लाइन हाजिर कर दिया है। संजय कुमार गुप्ता कटराबाजार थाने में लगभग एक वर्ष से ज्यादा समय तक तैनाती रही है।
गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में बीते छह अक्टूबर रविवार की सुबह सेल्हरी गांव के पास सड़क किनारे 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा था। पुलिस व पीएम रिपोर्ट के मुताबिक युवती का किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करके उसका शव सड़क किनारे सुनसान जगह पर फेंका गया था। पुलिस ने शीघ्र ही युवती की शिनाख्त किये जाने की बात कज्ञ रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, सीओ कर्नलगंज उमेश्वर प्रभात सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। फिलहाल घटना को एक माह बीतने को है, लेकिन पुलिस युवती की शिनाख्त करने में नाकाम साबित हुई। इससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे और विभाग की काफी फजीहत हो रही थी। अंततः पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

