कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली अन्तर्गत गोंडा- लखनऊ राजमार्ग पर अमित कुमार सिंघानिया के मकान में किराए पर रह रहा एक व्यक्ति की बाइक एक साल पहले 26 नवंबर 2023 को पल्सर 150 सीसी नंबर यूपी 40 वी 7780 चोरी हो गई थी। चोरी की घटना रात्रि लगभग 3:30 बजे की है। पीड़ित ने उसी दिन करनैलगंज पुलिस को तहरीर देकर बाइक चोरी की जानकारी दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाने की कोशिश की और साक्ष्य भी मिले,बावजूद आज तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। कोतवाली पुलिस के रवैये से पीड़ित और आम जनमानस के बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि उसे हर रोज यह चिंता सता रही है कि कहीं उसकी बाइक से किसी गलत कार्य में उपयोग न हो जाए। यदि ऐसा होता है,तो इसका दुष्परिणाम उन्हें ही भुगतना पड़ेगा। सवाल यह उठता है कि क्या न्याय की उम्मीद रखना अब गुनाह हो गया है? कर्नलगंज कोतवाली की पुलिस ने करीब एक साल से पीड़ित की फरियाद को अनदेखा कर रही है। आखिर मुकदमा दर्ज करने में देरी क्यों हो रही है, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
सीओ कर्नलगंज ने दिया न्याय का भरोसा
पीड़ित ने कोतवाली से निराश होकर क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज उमेश्वर प्रभात सिंह से मिलकर अपनी फरियाद सुनाई,तो उन्होंने जांच का आदेश देते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इससे पीड़ित पक्ष को कुछ राहत मिली है। ऐसे में अब देखना यह है कि क्या इस आश्वासन के बाद कोतवाली पुलिस अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए मुकदमा दर्ज करती है या नहीं यह एक यक्ष प्रश्न है।
पुलिस के प्रति आम जनमानस में आक्रोश
कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में ऐसे कई मामले हैं, जिनमें पुलिस की लापरवाही और अनदेखी का शिकार फरियादी बन रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक फरियादियों का शोषण होता रहेगा? क्या कानून का सहारा लेना आम आदमी के लिए इतना कठिन है।
पीड़ितों को अब कब मिलेगा न्याय
यह घटना महज बानगी है,ऐसे कई मामले हैं जो पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास झकझोर रहा है। यदि कर्नलगंज कोतवाली पुलिस इसी तरह उदासीन बनी रही, तो आने वाले फरियादियों को न्याय मिलना कठिन है।

