इमरान अहमद
गोंडा।शुक्रवार की सुबह गोंडा- लखनऊ हाईवे पर गैस सिलेंडर लदे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से ट्रक में लदे गैस सिलेंडरों से जोर- जोर धमाका होना शुरू हो गया। सिलेंडर फटने के बाद लगभग 500 मीटर दूर तक जा गिरे। गैस सिलेंडर के धमाके से भंभुवा व आसपास के रहने वाले लोगों का दिल दहल उठा। सूचना पाते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में लगे गईं। गैस सिलेंडर से थोड़ी-थोड़ी देर पर हो रहे धमाकों से दमकल की टीम हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। इस हादसे से गोंडा-लखनऊ हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है।

यह हादसा गोंडा-लखनऊ हाईवे पर सुबह लगभग नौ बजे हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि गैस सिलेंडर से लदा ट्रक लखनऊ से गोंडा की ओर आ रहा था। हाईवे पर भंभुवा के पास ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई। चालक और खलासी आग बुझाने की बड़ी हिम्मत जुटाई लेकिन कामयाब नही हो सकें। आग ने पूरे ट्रक को अपने आगोश में ले लिया। और देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। आग के गोले से घिरे गैस सिलेंडर भी धड़ाम -धड़ाम दगने लगे। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना पाते ही पुलिस ने हाईवे पर वाहनों का आवागमन रोक दिया। घटनास्थल पर अग्निशमन की दो गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

