इमरान अहमद
गोंडा।उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जनपद न्यायाधीश प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर 14 सितम्बर को लोक अदालत बैठेगी। राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अपर जिला जज सर्वजीत सिंह की अध्यक्षता व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अपर जिला जज दानिश हसनैन के संयोजन में संपन्न हुई।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में लोगों को व्यापक स्तर पर जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा मामले चिन्हित करने का निर्देश दिया है। जिससे अधिकतम लोगों को लोक अदालत का लाभ दिलाया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, एक्ससीएन राधेश्याम भाष्कर व लीड बैंक मैनेजर अभिषेक कुमार उपस्थित रहे।

