वीरेन्द्रसिंह सेंगर
औरैया।चंबल की ऐतिहासिक धरोहर पर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आठवां संस्करण 7-8 सितंबर को जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के गालव सभागार में होगा। चंबल संग्रहालय, पंचनद द्वारा आयोजित इस चर्चित फिल्म समारोह को सफल बनाने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।

चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक फिल्मकार डॉ०शाह आलम राना ने कहा कि चंबल के अंचल क्षेत्र की सकारात्मक पहचान उभारने के लिए फिल्म समारोह का सफल आयोजन पिछले 8 वर्षों से औरैया, जालौन, इटावा, धौलपुर जिलों में हो रहा है। यह फिल्म समारोह तेजी से पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाने को आतुर है। फिल्म समारोह की ज्यूरी में देश-दुनियां की दिग्गज हस्तियां शामिल रही हैं। विश्व भर के फिल्मकार चंबल संभाग के इस फिल्म समारोह में विभिन्न श्रेणियों में प्रति वर्ष अपनी फिल्में भेजते हैं। समारोह के दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सरोकारी देशी-विदेशी फिल्मों के प्रदर्शन के बाद फिल्मकारों से संवाद किया जाता है।
फिल्म फेस्टिवल में तमाम सरोकारी नामचीन शख्सियतें शिरकत करती हैं। चंबल को वैश्विक फिल्म पर्यटन मानचित्र पर जगह मिलने के साथ असीम संभावनाओं के द्वार खुलने के आसार देखे जा रहें हैं। इस दौरान चंबल क्षेत्र पर केन्द्रित ‘चंबल में आके तो देखो’ विषय पर फोटो प्रदर्शनी भी लगेगी। इस आयोजन को लेकर चंबल परिवार के मुखिया वरिष्ठ पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता संस्थापक अध्यक्ष पंचनद पर्यटन एवं प्रवास ट्रस्ट वीरेंद्र सिंह सेंगर ने इस आयोजन को चंबल संभाग विशेष रूप से पंचनद क्षेत्र को विकास के पथ पर लाने में उनका सहयोग रहता है। शाह आलम राणा सतत प्रयासरत हैं, कि उनके साथ क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। चंबल परिवार इसके लिए कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है।
फिल्म समारोह आयोजन समिति से जुड़े डॉ० भुवनेश तोमर ने कहा कि फिल्म समारोह में स्थानीय प्रतिभाओं को भी निखरने का अवसर मिलेगा। वहीं क्षेत्रीय युवाओं के लिए ‘चंबल की ऐतिहासिक धरोहर’ विषय पर फिल्म प्रतियोगिता भी आयोजित की जाती है। 3 से 5 मिनट की लघु फिल्म, व्लॉग और रील विभिन्न श्रेणियों में आमंत्रित की गई हैं। ‘चंबल की ऐतिहासिक धरोहरों’ के विविध आयामों को समेटे वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 3 सितंबर है। फिल्म प्रतियोगिता में शामिल प्रविष्टि के निर्णायक मंडल के परिणाम स्वरुप विजेताओं को सम्मानित करने के साथ प्रतियोगिता में शामिल फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

