गोण्डा।सपा नेता की हुई दिनदहाड़े हत्या के मामले में सत्ता पक्ष के नेताओं पर आरोपियों को संरक्षण देने के लग रहे आरोपों से हो रही काफी किरकिरी के बाद सोमवार की रात परसपुर पुलिस ने आरोपी भाजपा सभासद के मकान की बाउंड्री वॉल को ढहाने की रस्म अदायगी कर उसके ट्रैक्टर और बाइक को थाने खींच ले आई। पुलिस की इस कार्रवाई से थोड़ी ही देर बाद पुलिस ने आरोपी रोहित सिंह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। बताया जाता है कि आरोपी रोहित को गोली लगी है और उसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस हत्याकांड का सरगना उदयभान सिंह पुलिस के हत्थे नहीं लगा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सत्ता का करीबी होने से पुलिस आरोपी भाजपा सभासद पर कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।
परसपुर थाना क्षेत्र के राजा टोला में बीते शुक्रवार को सपा नेता ओमप्रकाश सिंह की चुनावी रंजिश के चलते दिनदहाड़े धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में भाजपा सभासद उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह व उसके तीनो बेटों समेत पांच लोगों को नामजद किया गया था। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार हैं। घटना को लेकर पूरे जिले में आक्रोश है। हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर घटना के दूसरे दिन मृतक की बेटियों ने सड़क पर 7 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक व उपजिलाधिकारी कर्नलगंज ने आरोपियों के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए थे। पुलिस ने एक आरोपी चंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन सरगना आरोपी उदयभान सिंह को अभी तक परसपुर पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अवध केसरी सेना, भारतीय किसान यूनियन व अन्य कई संगठन आंदोलन की चेतावनी दे चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने स्थानीय बीजेपी विधायक पर हत्या आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। मामले में परसपुर पुलिस कार्रवाई न करने को लेकर गंभीर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि सत्ता का करीबी होने के कारण पुलिस आरोपी भाजपा सभासद पर कार्रवाई करने से कतरा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव था। बढ़ते दबाव और हो रही काफ़ी किरकिरी के बाद सोमवार की रात पुलिस ने आरोपी भाजपा सभासद के मकान की बाउंड्री वॉल को ढहाने की रस्म अदायगी करते हुए, ट्रैक्टर और बाइक को थाने खींच ले आई। इस कार्रवाई से कुछ देर बाद पुलिस ने आरोपी रोहित सिंह को भौरीगंज मार्ग पर स्थित नहर पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी रोहित को गोली लगी है और उसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। रोहित नंदौर के बलगरपुरवा गांव का रहने वाला है। सपा नेता के हत्याकांड का सरगना भाजपा सभासद उदयभान सिंह को अभी तक परसपुर पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

