मुश्ताक अहमद
गोण्डा।जिले के परसपुर नगर पंचायत के राजाटोला में शुक्रवार को दोपहर में ओम प्रकाश सिंह के परिजनों में चीत्कार मच गया। घर के बरामदे में लेटे 42 वर्षीय युवक पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। आनन-फानन में घायल को परिजन परसपुर सीएचसी ले गये। जहां नाजुक हालत देख सीएचसी चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोंडा के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज जाते समय रास्ते में घायल युवक के प्राण पखेरू उड़ गए। घर में सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की काफी भीड़ इकट्ठा हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस करनैलगंज सीओ चंद्रपाल शर्मा व परसपुर थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी ली। शांति सुरक्षा के दृष्टिगत गांव में पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है।

मृतक के चचेरे भाई अवधेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार में प्रीति 13 वर्ष, पल्लवी 10 वर्ष, आदर्श 7 वर्ष, विष्णु 3 वर्ष समेत दो बेटा, दो बेटियां व पत्नी है। घर के बगल बच्चे खेल रहे थे। उसके भाई अपने घर के बगल मकान बनवाने के लिये राजगीर को काम सौंपकर अपने घर के बरामदे में चारपाई पर लेट गया। लेटा ही था कि चुनावी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोग एकराय होकर आए, और युवक पर हमलावर हो गये। हाथ में हथियार लहराते हुए हमलावरों ने धमकी देते चले गये। सीओ चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि मौके पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गयी। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस फोर्स तैनात है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं आई है।

