>वन व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद जगी उम्मीदें
>ईको टूरिज्म के तौर पर होगा विकसित,बढ़ेंगे टूरिस्ट
इमरान अहमद
मनकापुर।जिले के मनकापुर-वजीरगंज क्षेत्र में स्थित पार्वती-अरगा पक्षी विहार व टिकरी जंगल के विकसित उम्मीदों को अब पंख लगने वाले हैं।शुक्रवार को दिल्ली पर्यावरण भवन में अधिकारियों के साथ वन व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के हुई बैठक के बाद संभावनाएँ बढ़ गई हैं।

गोंडा जिले से लगभग 45 किमी.दूर मनकापुर-नवाबगंज रोड पर स्थित पार्वती अरगा पक्षी विहार झील व टिकरी जंगल को ईको टूरिज्म के तौर पर विकसित करने की तैयारी चल रही है।यह झील 1084.47 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है।टिकरी जंगल के बगल स्थित यह झील अपनी सुंदरता से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।जंगल किनारे स्थित झील यहां की छटा को और निहारती है।सर्दीयों के दिनों में यह झील विदेशी पक्षियों से गुलज़ार रहता है,शरद ऋतु की शुरुआत होते ही यहां पर प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है।

दिसंबर व जनवरी माह में विदेशी पक्षी टिकरी जंगल का रुख करते हैं और मार्च माह शुरू होते ही यहां से चले जाते हैं।क्रौंच,स्यकेन,नीलकंठ,कलिग,क्रास्ट उट्टान,हंस आदि विदेशी पक्षी यहां पर आते हैं।यहीं नहीं ठंडी के दिनों में विदेशी पक्षियों के अलावा सैकड़ों की तादाद में सारस पक्षी भी अपने जोड़े के साथ विचरण करने यहां आते हैं। जिनमें तिब्बत से आने वाली पक्षियों में छोटी मुर्गाबी,नकटा,गिर्री व सुर्खाब,मध्य एशिया से आने वाले पक्षियों में काज व चट्टा प्रमुख हैं।

वहीं टिकरी जंगल भी प्रकृति की अनुपम छटा नज़र आती है,यहां तरह-तरह की वनस्पतियां व पेड़ मनमोहक वातावरण पैदा करती हैं। हरे-भरे जंगल में पशु-पक्षियों का कलरव मन को तरो-ताज़ा कर देती हैं।इस जंगल में अर्जुन,साखू,शीशम,सागौन,कट सागौन,कंजी,अशोक,आंवला,जंगल जलेबी,पीपल,चिलवल,लीची आदि प्रजातियों के पेड़ पाए जाते हैं,जबकि हिरन,बारहसिघा,भेड़िया,लकड़बग्घा,लैपर्ड आदि वन्य जीव भी पाए जाते हैं।

टिकरी के घने जंगल में रूदवा सम्मय माता मंदिर विराजमान है। बताया जाता है कि यहां पर भगवान शंकर ने तपस्या की थी।रुदवा सम्मय के दर्शन के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।फ़िलहाल अब इसे ईको टूरिज्म बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है,जिसके लिए दिल्ली पर्यावरण भवन में केंद्रीय वन,पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने वन महानिदेशक जितेंद्र कुमार,अपर वन महानिदेशक सुशील अवस्थी,संयुक्त सचिव सुजीत कुमार वाजपेयी व वन महानिरीक्षक रमेश पांडेय के साथ विकास की विस्तार से बिंदुवार चर्चा की।अगर इसको विकसित किया जाता है तो ना सिर्फ यह स्थल पिकनिक स्पाट बनेगा बल्कि आस-पास के क्षेत्रों में रोजगार का साधन भी बढ़ाएगा।

