गोण्डा।शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रविवार की अलल सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के सुभाषनगर मोहल्ले के टेढ़ी बाजार में एक पुराने मकान का अगला हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त परिवार के लोग सो रहे थे। मकान गिरने की आवाज सुनकर लोग चौंक पड़े और जान बचाने के लिए घर से बाहर की तरफ भागे।पड़ोस के लोग आवाज सुनकर बाहर निकले।गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के भरत मिलाप चौराहे के पास स्थित मोहल्ला सुभाष नगर टेढ़ी बाजार में नागेश्वर सैनी का पुराना मकान है। नागेश्वर परिवार समेत इसी मकान में रहते हैं और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार की जीविका चलाते हैं।मकान काफी पुराना बताया जा रहा है।नागेश्वर की पत्नी अंजू ने बताया कि शनिवार से ही तेज बरसात हो रही थी।रात में परिवार के लोग सो रहे थे।रविवार की तड़के करीब तीन बजे उसके मकान का अगला हिस्सा भरभराकर गिर गया।आवाज सुनकर वह दौड़ी तो मकान की दीवार,खिड़की व गृहस्थी का सामान नीचे गली में गिरा पड़ा था।कुछ सामान बिजली के खंभे पर लटक गया था। कमरे में सो रहे उसके बच्चों पलक और आयुष को कोई चोट नहीं आई है। अंजू ने बताया कि घटना से इमारत और सामान का काफी नुकसान हुआ है।

