गोंडा।डीएम नेहा शर्मा ने मंगलवार को रुपईडीह ब्लाक की 4 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर गांवों में हो रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को परखा।डीएम ने गांवों में हो रहे विकास कार्यों का सत्यापन भी कराया।जहां खामियां मिली,उन्हें तुरंत ठीक कराए जाने के निर्देश दिए।चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने कई समस्याएं डीएम के समक्ष रखी जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम पंचायत खरगूपुर इमिलिया,वीरपुर झलैहिया,देवरिया कला,तथा भवानीपुर उपाध्याय में ग्राम चौपाल का आयोजन किया।डीएम ने चौपाल लगाकर गांव में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।डीएम ने ग्रामीणों से बात कर गांवों में हो रहे विकास कार्यों की हकीकत को जाना और जहां खामियां मिली उन्हें तुरंत दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने गांव में संपर्क मार्ग,विद्युत व्यवस्था,ग्राम निधि से कराए गए कार्य,सभी प्रकार की पेंशन, मनरेगा,समूह,आवास तथा अन्य योजनाओं का लाभ देने के भी निर्देश दिए।डीएम ने विकास कार्योें की समीक्षा करते हुए गांव में खराब हैंडपंपों को ठीक कराने,स्वच्छ भारत मिशन के तहत बन रहे शौचालय,पात्र लाभार्थियों की पेंशन बनवाने व जो अन्य कार्य होने हैं,उन्हें जल्द पूरा करने की भी हिदायत दी।डीएम ने कहा कि यदि कार्यों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं होगा तो लापरवाही मानते हुए उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
ग्राम पंचायत भवानीपुर उपाध्याय में शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि गांव के लाइन मैन ने पैसा लेने के बाद भी काम नहीं किया है।डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लाइन मैन के खिलाफ जांच करके कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।वहीं ग्राम चौपाल के दौरान ग्राम वीरपुर झलैहिया में पंचायत भवन का लोकार्पण किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।यदि किसी कर्मचारी या किसी अधिकारी द्वारा जनता की समस्या को समाधान में जरा सी भी लापरवाही बरती गई तो लापरवाह कर्मचारी अथवा अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एम० अरून्मोली,मुख्य चिकित्सा अधिकारी,तहसीलदार देवेन्द्र कुमार,जिला विकास अधिकारी,जिला पूर्ति अधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए,जिला कार्यक्रम अधिकारी,डीसी मनरेगा,जिला समाज कल्याण अधिकारी,खंडविकास अधिकारी रुपईडीह,सभी ग्रामों के राजस्व निरीक्षक,लेखपाल,ग्राम पंचायत सचिव,सहित सभी संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

