परसपुर,गोण्डा।परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकरौर में बड़ी मुंगही बंधे के समीप रविवार की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की काफी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। जांच के दौरान शव के पहचान का प्रयास किया। लेकिन उस समय मृतक की शिनाख्त नही हो पाई। व्यक्ति को मारकर बंधे के पास फेंकें जाने की आशंका जताते हुए क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस के मुताबिक मृतक के सिर के पीछे लगे कंकड़ का घाव है। वहीं पुलिस का दावा है कि गर्मी के वजह से उसका मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। उसके शरीर पर मारने पीटने का कोई चोट नहीं है।
चौकीदार रामदेव की फौरी सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह मय हमराही कॉन्स्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल अभिषेक यादव ने पंचनामाकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। सोमवार को दोपहर बाद पुलिस ने प्रेस नोट जारी करके ग्राम मुंगही सकरौर के पास बन्धे पर मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के शिनाख्त होने की जानकारी दी। सोमवार को अजय सिंह निवासी फिरोजपुर पवारन थाना रूदौली अयोध्या ने पुलिस को सूचना देकर कहा कि उसके पिता दल सिंह उम्र करीब 70 वर्ष 16 जून को घर से अपनी रिस्तेदारी में परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जसकरन पुरवा डेहरास में ब्रह्मदेव सिंह के घर पर तेरहवीं भोज में शामिल होने के लिये निकले थे। परन्तु वहाँ नही पहुँचने पर परिजनों ने उनकी खोज बीन शुरू किया। पिता की मृत्यु की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम रिर्पोट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

