तरबगंज,गोंडा टिकरी रेंज के दुर्जनपुर घाट ग्राम पंचायत में लकड़ी माफिया सड़क किनारे लगे हरे फलदार पेड़ों की अवैध कटान में जुटे हैं। प्रशासन की लापरवाही के चलते इनके हौसले बुलंदी पर हैं।

बालेश्वरगंज दुर्जनपुर घाट मार्ग पर वन विभाग द्वारा दुर्जनपुर घाट ग्राम पंचायत में सड़क किनारे लगे विशाल गूलर के हर वृक्ष को लकड़ी माफिया ने काट कर गिरा दिया। सूचना के बावजूद राजस्व विभाग के कर्मियों ने चुनाव में व्यस्तता का हवाला बता कर कार्रवाई नहीं की। सोमवार को तथाकथित लकड़ी माफिया राजेंद्र सिंह अपने पुत्रों के साथ ट्रैक्टर ट्राली से आधी लकड़ी लाद ले गया। सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लकड़ी की उठान को रोकवा दिया। वहीं वन दरोगा अनिल पांडेय तथा रामकेश भारती की टीम ने मौके पर कटे पेड़ की नाप जोख कर पेड़ को गांव के निवासी अनंत प्रताप सिंह उर्फ टीपू सिंह के सुपुर्द कर दिया गया है। डीएफओ ने बताया कि अवैध लकड़ी माफिया द्वारा पेड़ काटे जाने की सूचना मिली है। कार्रवाई कराई जा रही है।

