पंश्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज,गोण्डा।क्षेत्र के दत्तनगर गांव के डीहा मजरे के ग्रामीणों ने गांव की एक सड़क के अधूरे निर्माण से आजिज होकर सामूहिक रूप से हाथों में काम नहीं तो वोट नहीं लिखे पोस्टर लहराते हुए प्रदर्शन किया साथ ही मतदान बहिष्कार करने का निर्णय भी लिया है।
आगामी लोकसभा चुनाव में सरकारी मशीनरी अधिक से अधिक मतदान करने के लिए लोगों को जागरूक करने में लगी है। सरकार मशीनरी ने अपनी सारी ताकत निष्पक्ष, निर्भीक, पारदर्शी एवं भारी मत प्रतिशत के साथ चुनाव सम्पन्न कराने में झोंक रखी है। वहीं देश और प्रदेश की सबसे चर्चित लोकसभा सीट कैसरगंज के गांव दत्तनगर के डीहा मजरा के ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार का फैसला किया है। गांव के लोगों का कहना है कि उनके मजरे में जाने के लिए एक सड़क मार्ग है जिसका निर्माण कार्य आज तक अधूरा है लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा लगाए गए सीआईबी बोर्ड पर लिखा है कि करीब 17 लाख की लागत से सड़क का कार्य पूरा हो चुका है। इस सड़क का निर्माण जिला पंचायत निधि से किया गया है। पर अभी तक जल निकास के लिए पुलिया तक नहीं डाली गई है। अब आलम यह है कि जो सड़क बनी भी थी वो भी टूट चुकी है। यह सड़क प्राथमिक विद्यालय से होकर गुजरती है लेकिन यदि इस पर हल्की बारिश हो जाये तो लोगों आवागमन दुष्कर हो जाता है। गांव वालों ने बताया कि कई बार अधिकारियों से इस समस्या के समाधान के लिए लिखित और मौखिक रूप से भी कहा गया लेकिन किसी भी जिम्मेदार ने इस तरफ निगाह नहीं फेरी।
बुधवार को गांव के इंद्रसेन सिंह, हरिभान दत्त सिंह, राजन, प्रमोद, मनजीत, अजय, शंभू नाथ, गोविंद, आशुतोष, रघुनन्दन, विजय, विनय, गजेंद्र, विवेक, सुरेंद्र सहित दर्जनों ग्रामीणों ने अपने हाथों में वोट नहीं तो काम नहीं, मतदान बहिष्कार जैसे नारे लिखे पोस्टर लहराते हुए प्रदर्शन किया और मतदान बहिष्कार करने की बात कही है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी तरबगंज विशाल कुमार से फोन पर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा वहीं नायब तहसीलदार रंजन वर्मा ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई है संबधित से वार्ता कर जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।

