कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय तहसील के छह द्वारा की बड़ी रियासत के नाम से ख्यातिलब्ध कमियार स्टेट के मालिक राघवेन्द्र प्रताप सिंह 85 वर्ष का सोमवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पर उनके प्रहलादगंज स्थित आवास पर आम जनमानस का तांता लगा रहा।
कुछ समय पहले कमियार स्टेट का मुख्य केंद्र बहुवन मदार मांझा (बरूहा) हुआ करता था,लेकिन बाढ़ आच्छादित होने पर कामियार का राजघराना प्रहलादगंज चला आया। यहां राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने ग्रामीणों के बच्चों की शिक्षा के लिए गयादीन सिंह इण्टर कॉलेज की स्थापना की। अपनी बेबाक टिप्पणी और गंभीर व्यक्तित्व के धनी राघवेन्द्र प्रताप सिंह शुरुआती दौर में गन्ना आंदोलन की राजनीति में सक्रिय रहे। और जरवल गन्ना मिल के कई बार डायरेक्टर रहे। अपने दौर के बेताज बादशाह रहे राघवेन्द्र प्रताप सिंह की जीवन पर्यन्त आमजन मानस में अलग छवि रही। लोगों की मानें तो एकदम निर्भीक,निडर और किसी से टकराने का साहस रखने वाले राघवेन्द्र प्रताप सिंह कभी झुके नहीं। कमियार स्टेट के मुखिया राघवेन्द्र प्रताप सिंह के निधन की खबर पर उनके अंतिम दर्शन हेतु आवास पर भारी भीड़ जमा रही।

