गोण्डा।कोतवाली नगर क्षेत्र की बुधईपुरवा गांव में रविवार की रात्रि में अवैध रूप से मिट्टी की ढुलाई कर रहा एक डंफर ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की हाईटेंशन तार से टकरा गया। जिसकी चपेट से डंफर में आग लग गई और करंट डंफर में उतर गया। और डंफर चालक की जलकर दर्दनाक मौत हो गयी।
बताया जाता है कि चालक आग की लपटों में घिरा तड़पता रहा लेकिन उसे बचाने या पुलिस को सूचना देने के बजाय काम पर लगे श्रमिक और ठेकेदार भाग गए। सुबह लगभग चार बजे जब रोजेदार उधर से गुजरे तो डंफर को जलता देखकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक चालक व डंफर पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो चुके थे। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पीएम के लिए जिला भेजा। और घटना की जांच पड़ताल करने में जुटे रहे। लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक चालक की पहचान नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में मिट्टी पटाई का काम चल रहा है। इसी स्कूल के लिए डंफर से मिट्टी की ढुलाई की जा रही थी। मिट्टी खनन की अनुमति न होने के कारण रात के अंधेरे में अवैध रूप से मिट्टी खनन कर एक निजी स्कूल में लाई जा रही थी। हादसे के बाद स्कूल संचालक मामले को दबाने में जुटे हैं। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी मामले को दबाने में जुटी है।

