जिला संवाददाता : शरीफ अंसारी
लखीमपुर-खीरी।थाना खीरी क्षेत्र में युवती पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि बुधवार देर शाम नकहा चौकी क्षेत्र के एक गांव की युवती अपनी मां के साथ नकहा बाजार आई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे युवक ने युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के संबंध में थाना खीरी में आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस एवं हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के सूचना मिली कि आरोपी ज्ञानू यादव गैर जनपद भागने की फिराक में अमूतागंज नहर पटरी के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची थाना खीरी पुलिस ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

