जिला संवाददाता : शरीफ अंसारी
लखीमपुर खीरी। ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लखीमपुर नानपारा मार्ग पर तहसील धौरहरा के अंतर्गत ग्राम अदलीसपुर मजरा भरेहटा के पास एक मैजिक वाहन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दस लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब सात बजे मैजिक वाहन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक में सवार सभी दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 8 पुरुषों और 2 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके तथा मोर्चरी हाउस पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस द्वारा सभी मृतकों की शिनाख्त कर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था कायम है।

हादसे में मृतकों में जान गंवाने वालों में जयवीर सिंह, पवन कुमार, सोहन, अदनान, राजेश गोयल, सहजराम निषाद, पप्पू गौतम, अध्यापिका गायत्री वैश्य, जुलेखा और कैलाश वर्मा शामिल हैं। मृतक अलग-अलग गांवों और जनपदों से बताए गए हैं, जिनमें बहराइच, सीतापुर और लखीमपुर खीरी के निवासी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

